रायपुर, 27 फरवरी (आरएनएस)। होली पर्व नजदीक आते ही जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। थाना लवन में शुक्रवार को उस वक्त हलचल बढ़ गई जब क्षेत्र के गुंडा बदमाशों और निगरानी बदमाशों को थाने में तलब कर उनकी परेड कराई गई। साफ संदेश था—त्योहार में खलल बर्दाश्त नहीं होगा। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में होली के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 27 फरवरी 2026 को थाना लवन क्षेत्र में निवासरत गुंडा और निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर कड़ी हिदायत दी गई।
इस दौरान एसडीओपी बलौदाबाजार अपूर्वा क्षत्रिय और थाना प्रभारी निरीक्षक शशांक सिंह ने सभी उपस्थित बदमाशों को स्पष्ट शब्दों में समझाया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, मारपीट, जबरन वसूली या शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन के नियमों का सख्ती से पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि किसी के खिलाफ जरा सी भी शिकायत मिली या कानून व्यवस्था बिगाडऩे की कोशिश की गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। थाने में हुई इस परेड में कुल 29 बदमाश उपस्थित रहे, जिनमें 5 निगरानी बदमाश और 24 गुंडा बदमाश शामिल थे।
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने साफ कर दिया है कि त्योहार की आड़ में किसी को भी माहौल बिगाडऩे की छूट नहीं दी जाएगी। असामाजिक और आपराधिक तत्वों पर पुलिस की नजर टिकी है और कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
०

