रायपुर, 27 फरवरी (आरएनएस)। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और लगातार बनी सड़क हादसों की आशंका के बीच यातायात पुलिस ने आखिरकार बायपास रोड को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन और यातायात प्रभारी नवरत्न कश्यप के नेतृत्व में बायपास मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सीआईडी चौक और ट्रांसपोर्ट नगर चौक से भारी वाहनों का डायवर्सन शुरू कर दिया गया है, ताकि मुख्य बायपास मार्ग पर दबाव कम हो और अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लग सके। दरअसल बायपास रोड स्थित शराब भट्टी के आसपास शाम ढलते ही भीड़ और वाहनों की आवाजाही इतनी बढ़ जाती है कि यह इलाका दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन जाता है। रात के समय कम दृश्यता हालात को और खतरनाक बना देती है। इसी खतरे को भांपते हुए यातायात पुलिस ने सड़क किनारे सुरक्षा स्टॉपर लगवाए हैं, जिन पर रेडियम पट्टियां चिपकाई गई हैं ताकि अंधेरे में भी वे दूर से चमक सकें। वाहन चालकों को सचेत करने के लिए धीरे चलें, ओवरटेक न करें और ओवर स्पीड न चलें जैसे चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। इतना ही नहीं, बायपास फ्लाईओवर के दोनों ओर लोहे के खंभों पर भी रेडियम पट्टियां लगाई गई हैं, जिससे रात में गुजरने वाले वाहनों को स्पष्ट संकेत मिल सके। यातायात पुलिस का कहना है कि इन उपायों का उद्देश्य केवल चालान काटना नहीं, बल्कि संभावित हादसों को पहले ही रोक देना है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित गति सीमा का पालन करें, लेन में ही वाहन चलाएं, ओवरटेक से बचें और शराब सेवन कर वाहन चलाने की भूल न करें। बायपास अब सतर्कता की कसौटी बन चुका है—जरा सी लापरवाही भारी पड़ सकती है। पुलिस की तैयारी तो पूरी है, अब जिम्मेदारी वाहन चालकों की है कि वे नियमों का पालन कर खुद की और दूसरों की जान सुरक्षित रखें।
०

