0 शादी में गया परिवार, सूने मकान पर हाथ साफ!
दुर्ग, 27 फरवरी (आरएनएस)। सुपेला इलाके में सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों की नगदी उड़ाने वाले अंतर्राज्यीय चोरों को दुर्ग पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। साइबर तकनीक और सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस ने नेहरू नगर चौक में घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वे अपने गृह राज्य उड़ीसा भागने की फिराक में थे। आरोपियों के कब्जे से 2 लाख 14 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है। प्रार्थी यमिल वर्मा ने 17 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 15 फरवरी को उसने अपने घर की लोहे की आलमारी में नगद राशि रखी थी। परिवार की एक महिला सदस्य विवाह कार्यक्रम में शामिल होने भोपाल गई हुई थीं। 17 फरवरी की सुबह जब आलमारी खोली गई तो 500, 200 और 100 रुपये के नोटों की गड्डियां गायब थीं, जबकि सोने के आभूषण सुरक्षित पाए गए। साफ था कि चोरों की नजर सिर्फ नगदी पर थी।
रिपोर्ट पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 272/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और साइबर तकनीकी विश्लेषण के जरिए संदिग्धों की पहचान की। जांच की कडिय़ां उड़ीसा तक जा पहुंचीं।
27 फरवरी को सूचना मिली कि आरोपी नेहरू नगर चौक में मौजूद हैं और उड़ीसा भागने की तैयारी में हैं। तत्काल पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से कुल 2,14,000 रुपये नगद बरामद हुए। मामले में अतिरिक्त धाराएं जोड़कर आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज सबरी (21) और दुरपति सबरी (23), निवासी खांस बहार, थाना राजखडिय़ार, जिला नुआपाड़ा, उड़ीसा के रूप में हुई है। दोनों रैकी कर रात में सूने मकानों को निशाना बनाते थे।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विजय यादव और उनकी टीम की भूमिका अहम रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर को सूना छोड़ते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने दो टूक कहा है कि चोरी जैसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
0

