कांकेर, 27 फरवरी (आरएनएस)। खुले आसमान के नीचे ताश के पत्तों पर किस्मत आजमा रहे जुआरियों की महफिल उस वक्त बिखर गई जब चारामा पुलिस ने हिंगनझर नाले के पास दबिश दे दी। घेराबंदी कर की गई इस कार्रवाई में चार जुआरियों को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6530 रुपये नगद, ताश के 52 पत्ते, हरा नेट कपड़ा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
मामला चारामा थाना क्षेत्र का है। 26 फरवरी को पुलिस टीम पेट्रोलिंग और जुर्म-जरायम पतासाजी पर निकली थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हिंगनझर नाला (नदी) के पास कुछ लोग रूपयों का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने गवाहों और साइबर क्राइम टीम के साथ मौके पर दबिश दी और चार जुआरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम देवराज सिन्हा (36) निवासी कोटतरा, गजेन्द्र सिंह मंडावी (36) निवासी बागडोंगरी, चंचल ठाकुर (39) निवासी परसोदा थाना कोरर और खेमन लाल सेवता (48) निवासी गितपहार चौकी हल्बा थाना नरहरपुर बताए। इनके पास से कुल 6530 रुपये नगद, ताश के पत्ते और एक मोटरसाइकिल क्रमांक ष्टत्र 19 क्चक्त 6201 बरामद की गई।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध क्रमांक 40/26 दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल अशोक कुमार राखेचा (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध मुक्त समाज अभियान के तहत की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, निरीक्षक यशवंत श्याम, साइबर क्राइम टीम, उप निरीक्षक भकेश पटेल, सालिक राम निषाद और आरक्षक देवनारायण की अहम भूमिका रही।
0

