रायपुर, 27 फरवरी (आरएनएस)। भारत बनाम साउथ अफ्रीका क्रिकेट मैच की आड़ में ऑनलाइन सट्टे का खेल खेल रहे गिरोह का दुर्ग पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के असरफ नगर तकियापारा स्थित एक मकान में संचालित हो रहे इस ‘डिजिटल जुआघरÓ पर पुलिस ने दबिश देकर फरार आरोपी समेत कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में नगदी सहित 2 लाख 70 हजार 500 रुपये का सामान जब्त किया गया है। 22 फरवरी 2026 को थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि असरफ नगर के एक मकान में भारत–साउथ अफ्रीका मैच के दौरान हार-जीत पर ऑनलाइन दांव लगाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापा मारा। मकान के ऊपरी कमरे में एलईडी टीवी पर लाइव मैच चल रहा था और मोबाइल फोन के जरिए ग्राहकों से संपर्क कर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को देखते ही एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पूछताछ में दोनों ने मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाने की बात स्वीकार कर ली। मौके से एक लैपटॉप, एलईडी टीवी, चार मोबाइल फोन, डीवीआर, चार्जर, जियो सेटअप बॉक्स, वाई-फाई उपकरण, 5 हजार रुपये नगद और हिसाब-किताब की एक कॉपी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,70,500 रुपये आंकी गई है।
प्रकरण में अपराध क्रमांक 90/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं 4, 6, 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फरार आरोपी शाहिल कुरैशी उर्फ सोनू को भी बाद में पतासाजी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपियों में सोहेल अहमद खान उर्फ मामू, उम्र 35 वर्ष निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग, संतोष कुमार गोंड, उम्र 38 वर्ष निवासी रूआबांधा कुंदरापारा वार्ड क्रमांक 4 भिलाई और शाहिल कुरैशी उर्फ सोनू, उम्र 30 वर्ष निवासी असरफ नगर तकियापारा दुर्ग शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित रूप से क्रिकेट मैच के दौरान अवैध आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना स्टाफ और एसीसीयू टीम की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अवैध जुआ या सट्टा गतिविधियों में शामिल न हों और ऐसी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अवैध सट्टा संचालन में लिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

