अमित शाह बंगाल में 2 मार्च को करेंगे भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ का श्रीगणेश
कोलकाता 27 feb(Rns)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अब पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की प्रस्तावित ‘परिवर्तन यात्रा’ का शुभारंभ निर्धारित तिथि से एक दिन बाद, 2 मार्च को करेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की तैयारियों के तहत शुरू की जा रही यह यात्रा दक्षिण 24 परगना जिले के रायदीघी से रवाना होगी। पहले योजना के अनुसार, प्रचार अभियान की शुरुआत 1 मार्च को इसी स्थान से होनी थी।
कार्यक्रम में यह बदलाव इसलिए हुआ है क्योंकि शाह को 1 मार्च को मुंबई में गुरु तेग बहादुर को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होना है। इसके चलते रायदीघी में होने वाला कार्यक्रम एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, वे 1 मार्च को रात करीब 10 बजे मुंबई से कोलकाता पहुंचेंगे।भाजपा के राज्य स्तरीय नेताओं के अनुसार पश्चिम बंगाल में पार्टी के कुल 10 सांगठनिक प्रभाग हैं, जिनमें से नौ को ‘परिवर्तन यात्रा’ के तहत शामिल किया जाएगा। राज्य की राजधानी कोलकाता से किसी भी यात्रा की शुरुआत नहीं होगी। अमित शाह के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग चरणों में इस अभियान में शामिल होंगे। इनमें केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी तथा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शामिल हैं।

