रायपुर, 28 फरवरी (आरएनएस)। होली पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर पुलिस ने नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। यातायात पुलिस द्वारा रात्रि में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 3 घंटे में 154 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई और बड़ी संख्या में वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख 8 स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान तेलीबांधा, भाठागांव, जयस्तंभ, फाफाडीह, खमतराई, टाटीबंध, पचपेड़ीनाका और पंडरी क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर ब्रीथ एनालाइजर के जरिए जांच की गई।
रात 10 बजे से 1 बजे तक चले इस अभियान में 154 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। जब्त वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक प्रकरण में न्यूनतम 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। अनुमान है कि इस कार्रवाई से करीब 15 लाख 40 हजार रुपये की राशि वसूल की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित यात्रा करें।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

