रायपुर, 28 फरवरी (आरएनएस)। होली पर्व के मद्देनजर सड़क सुरक्षा को लेकर रायपुर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। विशेष अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वाले 154 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई और बड़ी संख्या में वाहनों को जब्त किया गया।
पुलिस उपायुक्त यातायात विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में शहर के प्रमुख स्थानों पर देर रात सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान तेलीबांधा, भाठागांव, जयस्तंभ, फाफाडीह, खमतराई, टाटीबंध, पचपेड़ीनाका और पंडरी समेत कुल 8 स्थानों पर चेकिंग पॉइंट बनाए गए।
रात 10 बजे से 1 बजे तक चले इस अभियान में ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, जिसमें 154 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त कर लिए गए।
जब्त वाहनों में 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, 1 बोलेरो, 2 माजदा, 1 ट्रैक्टर और 1 ई-रिक्शा शामिल हैं। इन मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक पर न्यूनतम 10 हजार रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है। अनुमान है कि कुल 15 लाख 40 हजार रुपये की वसूली हो सकती है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान भी यह अभियान जारी रहेगा और नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे शराब पीकर वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
००००

