दुर्ग , 28 फरवरी (आरएनएस)। जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत फेकारी में एक घर के पास रखे धान के पैरावट में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल ने मौके पर पहुंचकर समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार, फेकारी निवासी श्रीमती रेखा साहू के घर के पास रखे धान के पैरावट में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई, जिसके बाद एक दमकल टीम को तुरंत मौके पर रवाना किया गया।
अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दो पानी टैंकर की मदद से आग बुझाने का कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। साथ ही आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से भी रोक दिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इस पूरे अभियान में दल प्रभारी भगवती बंजारे सहित अग्निशमन कर्मी शैलेन्द्र, कुलेश, पराग, उमाशंकर और कमलेश की अहम भूमिका रही। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में टीम ने समय पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया।
0000

