जगदीश यादव
कोलकाता 6 मार्च (आरएनएस)। कई स्कूल, डाकघरों व अदालतों को विस्फोट से उड़ाने की फर्जी धमकी के बाद विक्टोरिया मेमोरियल परिसर में तब हड़कंप मच गया जब देश की इस धरोहर को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिलने के बाद आज विक्टोरिया मेमोरियल को आगंतुकों से खाली करा लिया गया। पुलिस मुख्यालय लालबाजार की बम निरोधक टीमें गहन तलाशी अभियान चला रही थी। वहीं पुलिस की साइबर सेल इन ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए काम कर रही है। क्टोरिया मेमोरियल प्राधिकरण ने उक्त मामले पर हेस्टिंग्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो फिलहाल पूरे परिसर को खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। उक्त धमकी के तुरंत बाद ही बाद तत्काल और व्यापक सुरक्षा अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए संगमरमर की इमारत से सैकड़ों पर्यटकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। कोलकाता पुलिस की बम निरोधक टीम और लालबाजार से खोजी कुत्तों को भी सेवा में लगाया गया। बगीचों और संग्रहालय की दीर्घाओं सहित पूरे परिसर को सील कर दिया गया और सुरक्षाकर्मियों ने किसी भी संदिग्ध वस्तु की गहन तलाशी ली। बता दे कि, जानकारी के अनुसार, पिछले सप्ताह भी कोलकाता और राज्य के कई जिलों में बम विस्फोट की धमकी वाले ई-मेल भेजे गए थे। इन ई-मेल के कारण कोलकाता के सिटी सिविल कोर्ट और रूबी इलाके के पास स्थित पासपोर्ट कार्यालय में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। मामले की जांच कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को सौंपी गई थी, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। ई-मेल किस स्थान से भेजे जा रहे हैं, यह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। बहरहाल बता दे कि, पश्चिम बंगाल में प्रमुख स्थानों और सरकारी कार्यालयों को निशाना बनाकर की जा रही फर्जी बम धमकियों की चिंताजनक प्रवृत्ति की नवीनतम कड़ी है। कुछ ही दिन पहले, कोलकाता के आनंदपुर स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र, कई डाकघरों और जिला अदालतों को भी इसी तरह की धमकियों का सामना करना पड़ा था। उन मामलों में, ईमेल में दावा किया गया था कि कामकाज में बाधा डालने के लिए विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं, हालांकि पुलिस की व्यापक तलाशी में ऐसे कोई उपकरण नहीं मिले। इन धमकियों की लगातार बढ़ती संख्या ने कोलकाता पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों को हाई अलर्ट पर डाल दिया है। साइबर सेल फिलहाल ईमेल के स्रोत की जांच कर रही है, जो गलत सूचना फैलाने और जनता में दहशत पैदा करने के एक सुनियोजित प्रयास का हिस्सा प्रतीत होते हैं। विक्टोरिया मेमोरियल में तलाशी अभियान अभी भी जारी है, लेकिन प्रशासन ने नागरिकों से शांत रहने और सुरक्षा व्यवस्था पूरी होने तक बिना पुष्टि वाली अफवाहें न फैलाने का आग्रह किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

