भोपाल 6 मार्च (आरएनएस)। कोलार थाना क्षेत्र में गार्मेंट्स शॉप में काम करने वाले एक युवक का अपहरण कर बदमाशों ने उसके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उसे कार में जबरन बैठाकर सुनसान इलाके में ले जाकर करीब दो घंटे तक बेल्ट, डंडों और लात-घूसों से पीटा।
गंभीर हालत में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने गुरुवार रात मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घायल युवक दिनेश अहिरवार (22) है, जो कोलार क्षेत्र की एक गार्मेंट्स शॉप में सैल्समैन का काम करता है। मारपीट के बाद आरोपियों ने ही उसे अस्पताल पहुंचाया और उसके मोबाइल से परिजनों को फोन कर दुर्घटना की सूचना दी। दिनेश के हाथ की 2 उंगलियों में फ्रैक्चर हुआ है।
दिनेश की बहन शिवानी अहिरवार ने बताया कि उसके भाई के मोबाइल से फोन आया और कहा गया कि दिनेश का एक्सीडेंट हो गया है। उसे गंभीर चोट आई है और तुरंत सीएचसी अस्पताल कोलार रोड पहुंचने को कहा गया।
शिवानी अपनी मां गीता और बहन निकिता के साथ अस्पताल पहुंची, जहां दिनेश का इलाज चल रहा था और उसके शरीर पर कई गंभीर चोटें थीं।
दिनेश ने पुलिस को बताया कि 4 मार्च 2026 की दोपहर करीब एक बजे वह बांसखेड़ी पुलिया के पास से पैदल गुजर रहा था। इसी दौरान निक्की शुक्ला, आकाश प्रजापति, तिलक चौहान, दिव्यांशु, नन्नू, अजय और अमन प्रजापति ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उससे कहा कि वह विशु शर्मा के साथ क्यों घूमता है और उनकी उससे पुरानी रंजिश है। अब उससे दोस्ती का खामियाजा तुझे भी भुगतना होगा और जबरन कार में बैठने का दबाव बनाया।
दिनेश के अनुसार आरोपी उसे कार में बैठाकर सोम्या ग्रीन सिटी कॉलोनी के पास एक सुनसान जगह पर ले गए। वहां डंडे, लाठी, बेल्ट और लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई की गई। लगातार मारपीट के कारण वह बेहोश हो गया।
दिनेश ने बताया कि बेहोश होने के बाद आरोपी अपने साथी अनस खान के साथ उसे अस्पताल छोड़कर चले गए। बाद में वहीं से परिजनों को फोन कर एक्सीडेंट की सूचना दी गई।
कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश की जा रही है। जल्द सभी की गिरफ्तारी की जाएगी।

