भोपाल 6 मार्च (आरएनएस)। रातीबड़ इलाके में शुक्रवार सुबह एक किशोरी ने खेत में खड़े नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने यह कदम क्यों उठाया इसका खुलासा नहीं हो सका है। मृतका के पास से पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक खुशी पारदी पुत्री बादल सिंह (16) ग्राम छोटी झागरिया में रहती थी। वह कक्षा आठवीं तक पढ़ी थी और अब अपने घर में ही रहती थी।
शुक्रवार सुबह उसने घर से 200 मीटर दूर स्थित खेत में नीम के पेड़ पर फांसी का फंदा बनाया और जान दे दी। वह घर से बिन बताए निकली थी। परिजनों ने पुलिस को दिए बयानों में खुदकुशी के लिए कोई ठोस कारण नहीं बताया है।
वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुसाइड नोट नहीं मिलने से कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी एंगल पर जांच की जा रही है।

