अहमदाबाद ,07 मार्च । भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में रनों की बारिश देखने को मिली थी और कुल 499 रन बने थे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को होने वाले टी20 विश्व कप का फाइनल में भी ऐसा ही मंजर देखने को मिल सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक फाइनल मुकाबले में स्कोर करीब 200 रन के आसपास रहने की संभावना है। शुरुआत में यह माना जा रहा था कि हरी घास वाली पिच तेज गेंदबाजों को मदद दे सकती है, लेकिन सेमीफाइनल में तस्वीर अलग ही नजर आई। गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आई और बल्लेबाजों ने खुलकर रन बनाए। भारतीय गेंदबाजी आक्रमण में जसप्रीत बुमराह ही ऐसे गेंदबाज रहे जिन्होंने अपनी सटीक लाइन-लेंथ और विविधता से लगातार दबाव बनाए रखा। बाकी गेंदबाजों को रन रोकने में काफी परेशानी हुई। वरुण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 64 रन खर्च किए, जबकि अक्षर पटेल ने तीन ओवर में 35 रन दिए।
रिपोर्ट के मुताबिक फाइनल मुकाबला सेंटर पिच पर खेला जाएगा, जिसमें लाल और काली मिट्टी का मिश्रण है। इस टूर्नामेंट में अब तक सेंटर पिच पर सिर्फ एक ही मैच खेला गया है। 9 फरवरी को हुए उस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा को 53 रन से हराया था। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे। भारत इस टूर्नामेंट में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दो मैच खेल चुका है। ग्रुप स्टेज में उसने नीदरलैंड्स को 17 रन से हराया था, लेकिन सुपर-8 चरण में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा था।
टी20 विश्व कप में भारतीय टीम का न्यूजीलैंड खिलाफ रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मैच हुए हैं और तीनों ही मैचों में न्यूजीलैंड विजयी रही है। भारतीय टीम के पास इस बार पुराना इतिहास बदलने और नया इतिहास रचने का मौका है। बता दें कि लगातार दो टी20 विश्व कप किसी भी टीम ने नहीं जीता है। भारतीय टीम के पास इस बार यह मौका है।
00

