बलौदाबाजार, 07मार्च (आरएनएस)। होली के जश्न के बीच मोटरसाइकिल ठीक से चलाने की मामूली नसीहत ने खूनी झगड़े का रूप ले लिया। ग्राम करमदा में लापरवाही से बाइक चलाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया और चाकू से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार आहत कुशल ध्रुव 4 मार्च की रात अपने दोस्तों के साथ होली मनाकर पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान बाजार चौक के पास आरोपी विकास ध्रुव, राहुल, टिकेश्वर और उनके अन्य साथी तेज व लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां पहुंचे। कुशल ध्रुव ने उन्हें बाइक ठीक से चलाने की बात कही, जिस पर आरोपी भड़क गए। आरोपियों ने पहले उसे जान से मारने की धमकी देते हुए अश्लील गालियां दीं और फिर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान एक आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से कुशल ध्रुव पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 186/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 118(1), 351(2) तथा आम्र्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक कार्रवाई में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य आरोपी फरार हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता ने फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए फरार दो आरोपियों राहुल उर्फ रामदास मानिकपुरी (18 वर्ष) और टिकेश्वर लसेल (19 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम करमदा, को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कुशल ध्रुव के साथ मारपीट कर चाकू से वार करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को 7 मार्च को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि प्रकरण की विवेचना जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
०००

