रायपुर,07मार्च (आरएनएस)। राजधानी रायपुर के न्यू राजेन्द्र नगर इलाके से 12 चक्का ट्रक चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 16 लाख रुपये कीमत का ट्रक बरामद कर लिया।
मामले के अनुसार अमलीडीह न्यू राजेन्द्र नगर निवासी मीना निर्मलकर ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में शिकायत दर्ज कराई कि उनके नाम पर पंजीकृत टाटा कंपनी का 12 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 07 बीसी 9172 उनके पति वीरेन्द्र निर्मलकर चलाते हैं। होली के चलते 2 मार्च की रात ट्रक को काली माता मंदिर के पास मेन रोड पर खड़ा किया गया था। 6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे जब ट्रक देखने पहुंचे तो वह वहां से गायब था। अज्ञात चोर ट्रक लेकर फरार हो चुके थे। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 103/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी वेस्ट जोन, अति२िरक्त पुलिस उपायुक्त और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेन्द्र नगर ने थाना प्रभारी को तुरंत आरोपियों की पतासाजी और ट्रक बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की और इलाके तथा टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस को फुटेज में दिखाई दिया कि आरोपी ट्रक को चलाकर मौके से फरार हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के भागने के संभावित रास्तों को चिन्हित कर क्रमवार सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक की। मामले में एसीसीयू रायपुर, सलिहा पुलिस (सारंगढ़-बिलाईगढ़) और महासमुंद पुलिस के साथ समन्वय कर आरोपियों की तलाश तेज की गई।
सघन जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रायपुर निवासी दो आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सलिहा थाना क्षेत्र से चोरी हुए ट्रक के साथ पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बजरंगी परिहार पूर्व में भी चोरी के मामले में बाल संप्रेषण गृह माना में निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपियों में रितेश दास उर्फ माईकल (26 वर्ष), पिता राजेश दास, निवासी शहीद राजीव पाण्डेय नगर बनमाली बस्ती, थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर तथा बजरंगी परिहार (19 वर्ष), पिता गोपाल बहादुर परिहार, निवासी शहीद राजीव पाण्डेय नगर आशादीप हॉस्पिटल के पीछे, थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर शामिल हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना न्यू राजेन्द्र नगर के थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक वीरेन्द्र चौरे, आरक्षक शाबिर खान, एसीसीयू रायपुर से सहायक उप निरीक्षक मंगलेश परिहार और उनकी टीम के साथ सलिहा पुलिस (सारंगढ़-बिलाईगढ़) तथा महासमुंद पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

