कोलकाता 8 मार्च (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान का मामला गरम हो गया है। ऐसे में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बंगाल दौरे के दौरान शिष्टाचार और प्रोटोकॉल के उल्लंघन को लेकर यादव ने इसे ‘घृणित मानसिकताÓ का परिचायक बताया और ममता बनर्जी से सार्वजनिक माफी की मांग की। सीएम यादव ने कहा कि, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का व्यवहार पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राष्ट्रपति का पद सर्वोच्च होता है और यह राजनीति से ऊपर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि जब राष्ट्रपति किसी राज्य के राजकीय दौरे पर हों, तब वहां की सरकार और मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी होती है कि वे राष्ट्रपति की गरिमा और प्रोटोकॉल का पूरा सम्मान करें। ऐसी स्थिति नहीं बननी चाहिए जिससे देश के राष्ट्रपति के पद की गरिमा को ठेस पहुंचे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को स्थानीय या दलगत राजनीति से जोडऩा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे घृणित मानसिकता का उदाहरण बताया और कहा कि ममता बनर्जी को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। उनके अनुसार यह घटना बंगाल सरकार के लिए बेहद शर्मनाक है। सीएम मोहन यादव ने कहा कि राष्ट्रपति का अपमान देश का अपमान है और दुनिया में भारत की छवि को ठेस पहुंची है।

