साल 2023 की सुपरहिट वेब सीरीज फर्जी के दूसरे सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर है. एक्टर शाहिद कपूर ने ऑफिशियली फर्जी 2 की शूटिंग शुरू कर दी है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक खास तस्वीर शेयर कर इस बात की जानकारी दी. इस फोटो में शाहिद कपूर, राज निदिमोरू और कृष्णा डीके यानी राज एंड डीके के साथ नजर आ रहे हैं. जैसे ही यह अपडेट सामने आया, सोशल मीडिया पर सीरीज को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई.
शाहिद कपूर ने अपने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की है, उसमें वह सेट पर राज एंड डीके के साथ दिखाई दे रहे हैं. फोटो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, फर्जी 2 डे 1… बैक एट इट! इसका मतलब हैं कि यह फर्जी 2 की शूटिंग का पहला दिन है. इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस में उत्साह बढ़ गया. वहीं सीरीज के मेकर्स राज एंड डीके ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस प्रोजेक्ट की ओर इशारा किया. उन्होंने करेंसी नोटों की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा, राउंड 2 इन प्रोग्रेस. इससे साफ हो गया कि फर्जी का दूसरा सीजन अब बनना शुरू हो चुका है. लंबे समय से फैंस इस सीजन का इंतजार कर रहे थे और अब शूटिंग शुरू होने की खबर ने दर्शकों की उम्मीदों को और बढ़ा दिया है.
बता दें, फर्जी का पहला सीजन फरवरी 2023 में अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुआ था. यह एक क्राइम थ्रिलर कहानी थी, जिसमें शाहिद कपूर ने सनी नाम के एक कलाकार का किरदार निभाया था. कहानी में दिखाया गया कि कैसे एक छोटा कलाकार हालात के चलते नकली नोटों के बड़े नेटवर्क में फंस जाता है. आठ एपिसोड वाली इस सीरीज में क्राइम, ड्रामा और डार्क ह्यूमर का दिलचस्प कॉम्बिनेशन देखने को मिला था और इसे दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली. इस सीरीज से शाहिद कपूर ने ओटीटी की दुनिया में अपना डेब्यू भी किया था. सीरीज में उनके साथ विजय सेतुपति, राशि खन्ना, के के मेनन, भुवन अरोड़ा, रेजिना कैसांद्रा और अमोल पालेकर जैसे कलाकार नजर आए थे.

