थलापति विजय पिछले कुछ समय से निजी और कामकाजी जिंदगी को लेकर खबरों में हैं। एक ओर, उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने चेन्नई की एक अदालत में विजय से तलाक के लिए अर्जी लगाई है। वहीं दूसरी ओर, अभिनेता की फिल्म जन नायकन को एक और बड़ा झटका लगा है। केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड की समीक्षा समिति द्वारा फिल्म की स्क्रीनिंग को अचानक स्थगित कर दिया गया है। बता दें, स्क्रीनिंग 9 मार्च को दोपहर 2 बजे होनी थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, समीक्षा समिति के एक सदस्य के बीमार पड़ जाने के कारण जन नायकन की स्क्रीनिंग को अनिश्चितकाल के लिए रद्द करना पड़ा है। बताया जाता है कि निर्माता केवीएन प्रोडक्शन को कथित तौर पर 8 मार्च को पुनर्निर्धारित स्क्रीनिंग के बारे में आधिकारिक सूचना मिल गई थी, लेकिन इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के कारण अचानक फैसला बदलना पड़ा। हालांकि, बोर्ड और निर्माताओं ने इस प्रक्रिया को लेकर चुप्पी साध रखी है।
जन नायकन को 9 जनवरी, 2026 को रिलीज किया जाना था, लेकिन सेंसर बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र न मिलने के कारण यह अब तक अधर में लटकी है। इस बीच, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद, फिल्म को जून में रिलीज किया जा सकता है। हालांकि, निर्माताओं की ओर से कोई मामले में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। बता दें, एच. विनोद द्वारा निर्देशित जन नायकन, विजय की आखिरी फिल्म है।

