नईदिल्ली,10 मार्च। टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने नाम किया। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए खिताबी मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से करारी शिकस्त दी। साल 2007 और 2024 के बाद अब तीसरी बार भारत इस खिताब को जीतने में सफल हुआ। इस सफल अभियान में भारतीय बल्लेबाजों की अहम भूमिका रही। इस बीच एक संस्करण में 300 से अधिक रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुके विराट कोहली टी-20 विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2014 के संस्करण में 6 मैच खेलते हुए 106.33 की औसत से 319 रन अपने नाम किए थे। विशेष रूप से, भारत उस संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से हारकर उपविजेता रहा था। इसके अलावा, कोहली 3 टी-20 विश्व कप संस्करणों में 250+ रन बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी भी हैं।
संजू सैमसन को शुरुआती मुकाबलों में भारत की प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिला। हालांकि, जब उन्हें चुना गया तो उन्होंने अपने प्रदर्शन से सबका दिल जीत लिया। इस खिलाड़ी ने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा। उनसे ज्यादा रन सिर्फ टिम साइफर्ट (326) और साहिबजादा फरहान (383) के बल्ले से निकले
सैमसन उन खिलाडिय़ों की सूची में शामिल हुए, जो टी-20 विश्व कप का खिताब जीतने के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुने गए। उनसे पहले केविन पीटरसन (2010), डेविड वार्नर (2021), सैम कर्रन (2022) और जसप्रीत बुमराह (2024) ऐसा कर चुके हैं।
ईशान किशन ने फाइनल में उम्दा बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक (54) लगाया। इस बीच उन्होंने सैमसन के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। इस संस्करण में उन्होंने 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट के साथ 317 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 77 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 18 छक्के और 33 चौके भी लगाए।
००

