नईदिल्ली,10 मार्च। हाल ही में संपन्न हुए टी-20 विश्व कप 2026 में टीमों ने एक से बढ़कर एक विशाल स्कोर बनाए। इस संस्करण में कुछ बल्लेबाजों ने 300 से अधिक रन बनाने में सफलता हासिल की। दिलचस्प रूप से यह संस्करण विकेटकीपर बल्लेबाजों के लिए शानदार बीता। भारत के संजू सैमसन को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ भी चुना गया। इस बीच टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में सर्वाधिक रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम साइफर्ट ने भारत के खिलाफ फाइनल में 26 गेंदों में 52 रन बनाए, जिसमें 2 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वह इस संस्करण में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 8 पारियों में 46.57 की औसत और 166.32 की स्ट्राइक रेट के साथ 326 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 4 अर्धशतक भी लगाए। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 34 चौके और 16 छक्के भी अपने नाम किए।
सैमसन ने फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर खबर लेते हुए 89 रन की पारी खेली। इस संस्करण में उन्होंने 5 मैच की 5 पारियों में 80.25 की उम्दा औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। इस बीच उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा। उनसे ज्यादा रन सिर्फ साइफर्ट (326) और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान (383) के बल्ले से निकले।
पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान ने संयुक्त अरब अमीरात में हुए टी-20 विश्व कप 2021 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 6 मैचों में 70.25 की औसत से 281 रन बनाए थे। उन्होंने 127.72 की औसत से बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचाया था। रिजवान ने 79* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ 3 अर्धशतक भी लगाए थे। वह उस संस्करण में तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे।
रिजवान इस सूची में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 2024 में गुरबाज ने 8 मैचों में 35.12 की औसत और 124.33 की स्ट्राइक रेट से 281 रन बनाए थे। उन्होंने 3 अर्धशतक भी लगाए थे। वह उस संस्करण में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे और अफगानिस्तान ने तब सेमीफइनल तक का सफर तय किया था। सेमीफाइनल में अफगानी टीम को दक्षिण अफ्रीका से हार मिली थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

