पूर्व बद्र्धमान/जहानाबाद 10 मार्च (आरएनएस)। खाली तेल टैंकर को सुनसान जगह पर छोड़कर वाहन चालक लापता हो गया है। नगालैण्ड के मोन जिले के निवासी उक्त वाहन के मालिक अनवारुल हक ने मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। मालिक व पुलिस सूत्रों के अनुसार उक्त खाली तेल टैंकर एनएल 04एए0470 बिहार के जहानाबाद जिला के मखदुमपुर कायमगंज के एनएच-22 के ओवर ब्रिज के निचे इसी माह की 8 तारीख को मिली। अनवारुल हक ने आरोप लगाया कि, उसके वाहन चालक अध्या शंकर को मन में खोट आ गई और वह टैंकर का तेल बेचकर गायब हो गया। रिपोर्ट व वाहन मालिक के अनुसार अध्या शंकर 34,800 मीट्रिक टन मक्का का कच्चा तेल पूर्व बद्र्धमान के ग्लोबस स्पिरिट्स लिमिटेड, प्लॉट नंबर बी-7, पानागढ़ औद्योगिक पार्क से लेकर इसी माह की 6 तारीख को लेकर चला। वाहन चालक को उक्त माल
एग्रोविया ट्रेडिंग ग्रुप, वार्ड नंबर 5, उसहैत जिला-बदायूं , उत्तर प्रदेश जाना था। लेकिन टैंकर बिहार के जहानाबाद जिला के मखदुमपुर कायमगंज के एनएच-22 के ओवर ब्रिज के नीचे खड़ी मिली और पूरा तेल गायब था। आरोप है कि उत्तर प्रदेश के बलिया के निवासी वाहन चालक को उसके मालिक ने तमाम तरीकों से सम्पर्क की कोशिश की लेकिन नाकम रहें। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है।

