हुगली 10 मार्च (आरएनएस)। वर्तमान में जारी युद्ध के कारण देश में रसोई गैस की आपूर्ति पर असर पडऩे की आशंका के बीच व्यावसायिक गैस सिलेंडर की उपलब्धता में कमी की शिकायतें सामने आने लगी हैं। इसका असर होटल और रेस्तरां के संचालन पर पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार, घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ाने के साथ-साथ गैस बुकिंग की अवधि भी लगभग 25 दिन कर दी गई है। वहीं व्यावसायिक गैस के उपयोग को स्कूलों और अस्पतालों जैसे आवश्यक संस्थानों तक सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके कारण कई होटल और रेस्तरां को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। हुगली जिले के चुंचुड़ा स्थित एक होटल संचालक ने आज बताया कि उनके यहां से प्रतिदिन लगभग 200 से 250 घरों में भोजन की आपूर्ति की जाती है। व्यावसायिक गैस उपलब्ध न होने के कारण उन्हें मजबूरन कोयले के चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है।
होटल संचालक ने कहा कि कोयले पर खाना बनाने से समय अधिक लगता है और इसके कारण मेन्यू में भी कटौती करनी पड़ रही है। साथ ही समय पर भोजन की आपूर्ति करना भी मुश्किल हो रहा है। उधर, भोजन लेने आने वाले ग्राहकों का कहना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो खाने की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। कई लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि जिन घरों में बुजुर्ग रहते हैं और खाना बनाने वाला कोई नहीं है, उनके लिए यह स्थिति और भी कठिन हो जाएगी। स्थानीय लोगों ने सरकार से इस मुद्दे पर जल्द समाधान निकालने की मांग की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

