काशीपुर,10 मार्च (आरएनएस)। अतिरिक्त पार्किंग शुल्क परिचालकों से वसूलने के विरोध में परिचालकों ने मंगलवार तड़के बसों का संचालन ठप कर दिया। सूचना पर काशीपुर और रामनगर के एआरएम रोडवेज डिपो पहुंचे और बामुश्किल कर्मचारियों को समझाया। जिसके बाद एक घंटे की देरी से बसों का संचालन शुरू हो सका। काशीपुर डिपो में मंगलवार सुबह पांच बजे रोडवेज कर्मियों ने प्रदर्शन कर संचालन बंद कर दिया। रोडवेज कर्मियों का आरोप था कि दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे पर जाम लगने की वजह से अतिरिक्त पार्किंग शुल्क देना पड़ता है। अतिरिक्त पार्किंग शुल्क डिपो प्रशासन परिचालकों से वसूल कर रहा है। दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे के काउंटर पर बस लगाने के लिए डिपो को 590 रुपये पार्किंग शुल्क देना होता है। यह 590 रुपये मात्र 25 मिनट के लिए होते हैं। 25 मिनट से ज्यादा समय लगने पर बस पर अतिरिक्त पार्किंग शुल्क वसूला जाता है, जिसकी भरपाई डिपो रोडवेज कर्मियों से करती है। संचालन बंद होने की सूचना मिलते काशीपुर डिपो के सहायक महाप्रबंधक राजेंद्र कुमार आर्य, रामनगर डिपो के सहायक महाप्रबंधक नवीन आर्य, वरिष्ठ केंद्र प्रभारी अनवर कमाल और सीनियर फोरमैन मोहम्मद यामीन मौके पर पहुंचे। सभी ने रोडवेज कर्मचारियों को समझाया और समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया। इसके बाद संचालन शुरू हुआ। दूसरी ओर, उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष हरजिंदर सिंह, मंत्री उमेश कुमार, मुकेश कुमार की उच्चाधिकारियों से वार्ता कराई गई, वार्ता के बाद कर्मचारी संतुष्ट हुए।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

