नईदिल्ली,11 मार्च। भारतीय क्रिकेट टीम ने हाल ही में संपन्न हुए टी-20 विश्व कप 2026 को जीतकर इतिहास रचा था। भारत इस टूर्नामेंट को सर्वाधिक 3 बार जीतने वाला देश (2007, 2024 और 2026) बना। इसके साथ ही कुछ भारतीय खिलाड़ी एक से अधिक बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने में सफल हुए हैं। इस बीच टी-20 विश्व कप के इतिहास में 2-2 बार चैंपियन बनने वाले भारतीय खिलाडिय़ों के बारे में जानते हैं।
रोहित शर्मा 2 खिताब जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे। उन्होंने टी-20 विश्व कप 2007 में 3 पारियों में 144.26 की स्ट्राइक रेट से 88 रन बनाए थे। इसके बाद 2024 में उन्होंने टीम की कप्तानी करते हुए 8 पारियों में 36.71 की औसत के साथ 257 रन बनाए थे। वह 2024 के संस्करण में दूसरे सर्वाधिक रन वाले बल्लेबाज रहे थे। रोहित के नेतृत्व में भारत ने अजेय रहते हुए खिताब जीता था।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने 2026 के संस्करण का खिताब जीता। उन्होंने 2026 संस्करण में 9 पारियों में 30.25 की औसत और 136.72 की स्ट्राइक रेट के साथ 242 रन बनाए। इस बीच वह सिर्फ एक पारी में अर्धशतक लगा सके। सूर्यकुमार ने 2024 में 8 पारियों में 28.42 की औसत और 135.37 की स्ट्राइक रेट के साथ 199 रन बनाए थे। उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए थे। उन्होंने सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 47 रन बनाए थे।
हार्दिक पांड्या ने 2024 संस्करण में बल्लेबाजी में 8 पारियों में 48.00 की औसत और 151.57 की स्ट्राइक रेट से 144 रन बनाए थे, जिसमें एक अर्धशतक शामिल था। गेंदबाजी में उन्होंने 8 पारियों में 17.36 की औसत और 7.64 की इकॉनमी रेट से 11 विकेट लिए थे। पांड्या ने 2026 में 9 पारियों में 27.12 की औसत और 160.74 की स्ट्राइक रेट के साथ 217 रन बनाए। दूसरी तरफ गेंदबाजी में उन्होंने 32.33 की औसत से 9 विकेट लिए।
जसप्रीत बुमराह ने टी-20 विश्व कप 2024 और 2026 को जीतने में अहम भूमिका निभाई थी। इस तेज गेंदबाज ने 2024 में खेले गए संस्करण में 8 पारियों में 8.26 की औसत और 4.17 की इकॉनमी रेट से 15 विकेट लिए थे। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट भी चुना गया था। वहीं, 2026 में उन्होंने 8 पारियों में 12.42 की औसत और 6.21 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए।
अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल, शिवम दुबे, संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव भी 2-2 बार खिताब जीत चुके हैं। इनमें से सैमसन को 2024 के संस्करण में एक भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला था। इसके बाद 2026 में उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने इस संस्करण में 321 रन बनाए थे। तेज गेंदबाज सिराज ने 2026 में सिर्फ एक मैच खेला और 2024 में 3 मैचों में हिस्सा लिया था।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

