रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 11 मार्च (आरएनएस)। सरकारी स्कूलों को बंद न करने, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों से अतिरिक्त फीस न लेने की मांग को लेकर आज मेदिनीपुर शहर में एसयूसीआई के छात्र संगठन डीएसओ ने डीआई ऑफिस का घेराव किया। आंदोलनकारी मेदिनीपुर रेलवे स्टेशन से जुलूस निकालकर डीआई ऑफिस पहुंचे। वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान डीआई ऑफिस का गेट पहले से बंद था, जिसके कारण आंदोलनकारियों ने गेट पकड़कर धक्का-मुक्की और खींचतान शुरू कर दी। इस दौरान गेट तोडऩे की कोशिश भी की गई। बाद में संगठन के सदस्यों ने डीआई ऑफिस के सामने धरना और विरोध प्रदर्शन जारी रखा। आंदोलनकारियों की मुख्य मांगों में सरकारी स्कूलों को बंद करने के बजाय उनमें आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित करना, स्कूलों में दाखिले के समय अतिरिक्त फीस लेना बंद करना, कक्षा 11 और 12 में लागू सेमेस्टर प्रणाली को रद्द करना और सभी रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति करना शामिल है। प्रदर्शन के बाद दोपहर करीब 1 बजे डीएसओ के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन डीआई ऑफिस में सौंपा। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

