खडग़पुर 11 मार्च (आरएनएस)। शहर में घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी में देरी और ऑनलाइन बुकिंग में समस्या के कारण उपभोक्ताओं के बीच चिंता का माहौल बन गया है। आज सुबह शहर के मालंचा इलाके में स्थित एक गैस डिस्ट्रीब्यूशन काउंटर के सामने बड़ी संख्या में लोग लाइन लगाकर खड़े नजर आए। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि घर पर गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही है और ऑनलाइन बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। इसी वजह से लोग सीधे डिस्ट्रीब्यूशन काउंटर पर पहुंचकर जानकारी लेने लगे। उपभोक्ता श्रीकांत दास ने बताया कि उन्होंने कई दिन पहले गैस की बुकिंग की थी, लेकिन अब तक डिलीवरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि काउंटर से अब उन्हें एक स्लिप दी जा रही है, जिसे लेकर गोदाम जाना होगा। वहीं एस. के. मिश्रा नामक एक अन्य उपभोक्ता ने बताया कि वह करीब एक घंटे से लाइन में खड़े हैं। उनका कहना है कि गैस की डिलीवरी बंद होने की खबर से लोग परेशान होकर यहां आ रहे हैं। स्थानीय निवासी महुआ चक्रवर्ती ने कहा कि नई बुकिंग भी नहीं हो पा रही है, जिससे लोगों में गैस मिलने को लेकर डर बना हुआ है। हालांकि गैस डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर के डीलर दिवाकर बिशुई ने उपभोक्ताओं से घबराने की जरूरत नहीं बताई। उन्होंने कहा कि कई लोग एक साथ ऑनलाइन बुकिंग करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके कारण तकनीकी समस्या हो रही है। उन्होंने बताया कि नए नियम के अनुसार एक सिलेंडर खत्म होने के कम से कम 25 दिन बाद ही अगली बुकिंग की जा सकती है, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। डीलर के अनुसार फिलहाल गैस की सप्लाई पहले की तुलना में कुछ कम है, जिसके कारण डिलीवरी में देरी हो रही है। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वाणिज्यिक (कमर्शियल) गैस की सप्लाई फिलहाल बंद है। इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच गैस को लेकर चर्चा और चिंता का माहौल देखा जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

