दक्षिण 24 परगना। जिले के बासंती इलाके में एक व्यक्ति को अपनी पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मृतका की पहचान बिथिका शास्मल (36) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने पत्नी पर अवैध संबंधों का संदेह होने के कारण धारदार हथियार से उसका गला काटकर हत्या कर दी।घटना के बाद आरोपित पति बापन शास्मल फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने आज सुबह न्यूटाउन इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, दंपति का घर बासंती के माकालपाड़ा इलाके में है। करीब 15 वर्ष पहले बापन शास्मल की शादी गोसाबा की रहने वाली बिथिका से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों से बिथिका एक लोन प्रदान करने वाली संस्था में काम कर रही थीं। काम के सिलसिले में उन्हें सहकर्मियों और अन्य लोगों से बातचीत करनी पड़ती थी, जो उनके पति को पसंद नहीं था। आरोप है कि आरोपित को पत्नी पर अवैध संबंधों का शक था, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
परिवार के अनुसार, संबंधों में तनाव बढऩे के बाद बिथिका अपनी बेटी को लेकर अपनी बहन के घर रहने लगी थीं। मंगलवार रात आरोपी वहां पहुंचा और पत्नी के साथ उसी कमरे में ठहरा। आरोप है कि देर रात उसने धारदार हथियार से पत्नी का गला काटकर और उस पर कई वार कर हत्या कर दी। इसके बाद वह बाइक से फरार हो गया। परिजनों ने कमरे में बिथिका को रक्तरंजित हालत में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। बासंती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

