कोलकाता 11 मार्च (आरएनएस)। स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शिक्षा विभाग के पूर्व सचिव मनीष जैन और तृणमूल के पूर्व युवा नेता कुंतल घोष को तलब किया है। सूत्रों के अनुसार, दोनों को 16 से 19 मार्च के बीच कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा गया है। जांच एजेंसी का कहना है कि इस मामले में दोनों के अलावा करीब 100 से अधिक नौकरी अभ्यर्थियों को भी चरणबद्ध तरीके से पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। इससे पहले प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में हुगली के निष्कासित तृणमूल युवा नेता कुंतल घोष को ईडी और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह जमानत पर रिहा हैं। वहीं, भर्ती घोटाले से जुड़े मामले में सीबीआई पहले भी मनीष जैन को तलब कर चुकी है और वह पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय में पेश भी हुए थे। अब एसएससी भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी ने एक बार फिर मनीष जैन और कुंतल घोष को तलब किया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

