नईदिल्ली,12 मार्च। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले वनडे मैच में घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट चटकाए। यह उनके युवा वनडे करियर का पहला 5 विकेट हॉल (5/24) साबित हुआ। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम के शीर्षक्रम के 5 विकेट चटकाए, जिसमें मोहम्मद रिजवान और साहिबजादा फरहान जैसे प्रमुख विकेट भी शामिल थे। आइए राणा की गेंदबाजी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
राणा ने अपने पहले ओवर में फरहान (27) को आउट करते हुए विकेटों का खाता खोला। उन्होंने अपने दूसरे ओवर में शमील हुसैन (4), तीसरे ओवर में माज सदाकत (18), चौथे ओवर में रिजवान (10) और पांचवें ओवर में सलमान आगा (5) को पवेलियन की राह दिखाई। उनकी तेज गति का विपक्षी टीम के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं दिखा। उन्होंने अपने 7 ओवर में 24 रन देते हुए ये 5 विकेट लिए।
राणा अब पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट हॉल लेने वाले बांग्लादेश के सिर्फ दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले सिर्फ मुस्तफिजुर रहमान ही ऐसा कर चुके हैं। वनडे विश्व कप 2019 में लॉर्ड्स में खेले गए मैच में मुस्तफिजुर ने 75 रन देते हुए 5 विकेट लिए थे। वहीं, पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में 4-4 विकेट लेने वाले अन्य बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर, तपश बैस्या और मशरफे मुर्तजा ही हैं।
राणा ने अपने वनडे करियर की शुरुआत 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ की थी। अपने युवा वनडे करियर में उन्होंने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने कुल 10 विकेट लिए हैं। वह बांग्लादेश की ओर से 10 टेस्ट में 41.66 की औसत के साथ 27 विकेट ले चुके हैं। अपनी तेज गेंदबाजी के लिए चर्चा में रहने वाले राणा ने अपने इकलौते टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 2 विकेट चटकाए हैं।
राणा की घातक गेंदबाजी के चलते पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान से निचले क्रम में बल्लेबाजी के लिए आए फहीम अशरफ ने सर्वाधिक 37 रन बनाए। उनके अलावा सलामी बल्लेबाज फरहान ने 38 गेंदों का सामना करते हुए 27 रन बनाए। पाकिस्तान के ज्यादातर बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। बांग्लादेश से मेहदी हसन मिराज ने 3 और मुस्तफिजुर ने 1 विकेट चटकाया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

