नईदिल्ली,12 मार्च। भारत और श्रीलंका में खेले गए टी-20 विश्व कप 2026 में कई रोचक मैच देखने को मिले। भारतीय क्रिकेट टीम ने अपने सेमीफाइनल और फाइनल मैच में विशाल स्कोर बनाए और इसी क्रम में बल्लेबाजों ने खूब रन बटोरे। इस संस्करण में कुल 8 बल्लेबाजों ने 250 से अधिक रन बनाए। इस बीच टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में 100 से अधिक की औसत के साथ 250+ रन बनाने वाले बल्लेबाजों के बारे में जानते हैं।
जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम से इस बार ब्रायन बेनेट ने अविश्वसनीय प्रदर्शन किया। इस युवा बल्लेबाज ने टी-20 विश्व कप 2026 में 6 पारियों में 146.00 की औसत और 134.56 की स्ट्राइक रेट के साथ 292 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 97* रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ 3 अर्धशतक लगाए। वह अपनी टीम से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। हालांकि, उनकी टीम सुपर-8 में कोई मैच नहीं जीत सकी थी।
दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली के लिए टी-20 विश्व कप 2016 शानदार बीता था। उस संस्करण में कोहली ने 5 पारियों में 136.50 की औसत और 146.77 की स्ट्राइक रेट के साथ 273 रन बनाए थे। उन्होंने 29 चौके और 5 छक्के भी लगाए थे। कोहली उस संस्करण में दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। तब बांग्लादेश के तमीम इकबाल (295) ने उनसे ज्यादा रन बनाए थे।
कोहली टी-20 विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2014 के संस्करण में 6 मैच खेलते हुए 106.33 की औसत से 319 रन अपने नाम किए थे। उन्होंने 24 चौके और 10 छक्के भी लगाए थे। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत उस संस्करण के फाइनल में श्रीलंका से हारकर उपविजेता रहा था। उनके अलावा कोई अन्य बल्लेबाज उस संस्करण में 250 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके थे।
इंग्लैंड के जोस बटलर 2021 में इस सूची में शामिल होने से चूक गए थे। तब उन्होंने 6 पारियों में 89.66 की औसत और 151.12 की स्ट्राइक रेट के साथ 269 रन बनाए थे। उस संस्करण में बटलर ने एक शतक (101*) और एक अर्धशतक भी लगाया था। उनके जबरदस्त प्रदर्शन की मदद से इंग्लैंड की टीम ने खिताब जीता था। कोहली ने 2022 में 98.66 की औसत और 136.40 की स्ट्राइक रेट के साथ 296 रन बनाए थे।
००

