नईदिल्ली,13 मार्च। महेंद्र सिंह धोनी को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इतिहास का सबसे सफल कप्तान माना जाता है। उनकी अगुवाई में चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने 5 बार खिताब जीतकर इस प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम किया है। शांत स्वभाव, तेज दिमाग और कठिन परिस्थितियों में सही फैसला लेने की क्षमता ने उन्हें एक महान कप्तान बनाया। 44 साल की उम्र में एक बार फिर धोनी ये लीग खेलते नजर आएंगे। ऐसे में आइए उनके रिकॉर्ड्स और आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
आईपीएल 2026 में धोनी कप्तानी करते नजर नहीं आएंगे। वह बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलेंगे। कप्तान के तौर पर उनके आंकड़े कमाल के हैं। उन्होंने साल 2008 में पहली बार इस लीग में कप्तानी की थी। उन्होंने 235 मुकाबलों में कप्तानी की और इस दौरान उनकी टीम को 136 मैच में जीत मिली। 97 मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2 मैच में कोई नतीजा नहीं निकला। धोनी के बाद सबसे ज्यादा जीत रोहित शर्मा (87) के नाम है।
धोनी सीएसके के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उनके बल्ले से 248 मैचों की 215 पारियों में 39.23 की औसत और 139.11 की स्ट्राइक रेट से 4,865 रन निकले हैं। उन्होंने 22 अर्धशतक जड़े हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 84* रन है। धोनी के बाद सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन (4,687) सुरेश रैना ने बनाए हैं। उन्होंने 176 मैच में 136.88 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 100* रन है।
धोनी सीएसके के लिए आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के (234) लगाने वाले बल्लेबाज भी हैं। दूसरे स्थान पर रैना हैं, जिनके बल्ले से 180 छक्के निकले थे। शिवम दुबे इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं। उनके बल्ले से सीएसके के लिए 100 छक्के निकले हैं। आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के (264) लगाने के मामले में धोनी चौथे स्थान पर हैं। उनसे आगे सिर्फ विराट कोहली (291), रोहित (302) और क्रिस गेल (357) हैं।
आईपीएल 2025 में धोनी ने 14 मैचों की 13 पारियों में 24.5 की औसत और 135.17 की स्ट्राइक रेट के साथ 196 रन बनाए थे। इस बीच 30* रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। वह ज्यादातर पारियों में आखिरी ओवरों के दौरान बल्लेबाजी के लिए आए। धोनी ने लगातार तीसरे सीजन में 200 से कम रन बनाए थे। उन्होंने आईपीएल 2024 में 161 रन और 2023 में 104 रन बनाए थे।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

