नईदिल्ली,13 मार्च। हाल ही में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते हुए भारतीय क्रिकेट टीम ने टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारतीय टीम तीसरी बार विजेता बनी। इससे पहले 2007 और 2024 में भी भारत इस टूर्नामेंट में चैंपियन बना था। इसके साथ ही सूर्यकुमार आईसीसी टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तानों की सूची में शुमार हुए। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
इमरान खान आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान हैं। पूर्व ऑलराउंडर ने 39 साल और 172 दिन की उम्र में पाकिस्तान को 1992 वनडे विश्व कप का खिताब दिलाया था। फाइनल में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को 22 रनों से हराकर अपना पहला और एकमात्र वनडे विश्व कप खिताब जीता था। इस आईसीसी ट्रॉफी के अलावा पाकिस्तान ने टी-20 विश्व कप और चैंपियंस ट्रॉफी भी जीती है।
रोहित शर्मा अब आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज कप्तान हैं। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब जीता था। दुबई में खेले गए फाइनल मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर के बाद 251/7 का स्कोर बनाया था। जवाब में भारतीय टीम ने कप्तान रोहित (76) और श्रेयस अय्यर (48) की पारियों की मदद से 49 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
इससे पहले रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम टी-20 विश्व कप भी जीत चुकी है। 2024 में 37 साल और 60 दिन की उम्र में उनके नेतृत्व में भारत विश्व विजेता बना था। भारत ने बारबाडोस में खेले गए फाइनल में दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को 7 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया था। दिलचस्प रूप से उस संस्करण में भारतीय टीम ने अपने सभी मैच जीते थे।
35 साल और 175 दिन की उम्र में सूर्यकुमार की कप्तानी में भारत ने टी-20 विश्व कप 2026 का खिताब जीता। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए फाइनल में भारत से संजू सैमसन (89) और अभिषेक शर्मा (52) ने जोरदार शुरुआत दिलाई। नंबर-3 पर खेलते हुए ईशान किशन ने भी अर्धशतक (54) लगाया और टीम ने 255/5 का स्कोर बनाया। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई थी।
००

