कूरेभार/सुल्तानपुर 13 मार्च (आरएनएस)। जनपद के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गरियावां निवासी सुरेन्द्र सिंह ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह किसी आवश्यक कार्य से एटीएम से पैसे निकालने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने मदद के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। पीडि़त का आरोप है कि आरोपियों ने एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से करीब 21,500 रुपये निकाल लिए। कुछ समय बाद जब उन्हें इस बात की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत संबंधित थाने में करते हुए कार्रवाई की मांग की। पीडि़त ने अपने प्रार्थना पत्र में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

