अंबाला 14 March, (Rns): हरियाणा के अंबाला जिले के बराड़ा क्षेत्र में संदिग्ध विस्फोटक सामग्री मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही एसटीएफ व बम स्क्वायड मौके पर पहुंच गया और पूरे क्षेत्र को घेर लिया गया है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार संदिग्ध सामग्री लगभग दो किलोग्राम RDX बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर बराड़ा रोड को पूरी तरह बंद कर दिया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर जांच में जुटी हैं, हालांकि अधिकारी फिलहाल इस मामले में कोई आधिकारिक बयान देने से बच रहे हैं। बम निरोधक दस्ता संदिग्ध सामग्री की जांच कर रहा है और आसपास के क्षेत्र की तलाशी भी ली जा रही है।
घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि बरामद सामग्री वास्तव में विस्फोटक है या नहीं। प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, सुरक्षा एजेंसियों द्वारा स्थिति को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

