मेरठ ,14 मार्च (आरएनएस)। एक दिन पहले सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई एडीएम सिटी के ड्राइवर की संदिग्ध मौत को मृतक के परिजनों ने हत्या बताया है। परिजनों ने होमगार्ड सहित तीन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सीओ सिविल लाइन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बताते चलें कि हस्तिनापुर इंदिरा कॉलोनी निवासी अंकुर नागर एडीएम सिटी की गाड़ी पर ड्राइवर था। ब्रहस्पतिवार को एडीएम सिटी के गनर के घर पर शादी थी। अंकुर अपने कुछ साथियों के साथ शादी में शामिल होने गया था। मगर, शुक्रवार को उसका शव कमिश्नरी पार्क में फंदे से लटका मिला। पुलिस घटना को खुदकुशी मानकर जांच में जुटी है।
उधर, शनिवार को अंकुर का भाई अखिलेश परिजनों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंचा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि शादी से लौटते समय अंकुर का अपने एक साथी होमगार्ड और दोस्तों से विवाद हो गया। इसके बाद उसने घर पर फोन करके बताया भी था कि वह लोग कार में अंकुर की पिटाई कर रहे हैं।
इसके बाद अंकुर का मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। बाद में सुबह को उसकी लाश फंदे से लटकी मिली। अखिलेश ने होमगार्ड सहित दो अन्य युवकों पर अपने भाई की हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सीओ सिविल लाइन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

