पलारी, 15 मार्च (आरएनएस)बलौदाबाजार जिले में अवैध सट्टेबाजी पर शिकंजा कसते हुए पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। “समाधान सेल” में मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम अमेरा बस स्टैंड के पास सट्टा-पट्टी लिख रहे दो सटोरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सट्टा का खाईवाल भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8390 रुपये नगद, सट्टा-पट्टी और पेन जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन में आम नागरिकों की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए जिले में “समाधान सेल” की शुरुआत की गई है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोग व्हाट्सएप या कॉल कर किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधियों की जानकारी दे सकते हैं। इस पहल से अपराधियों की धरपकड़ में लगातार सफलता मिल रही है।
इसी कड़ी में 14 मार्च 2026 को “समाधान सेल” में सूचना मिली कि ग्राम अमेरा बस स्टैंड के पास कुछ लोग सट्टा-पट्टी लिखकर अवैध सट्टेबाजी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पलारी पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो सटोरियों को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम बलदेव ध्रुव (60 वर्ष) और लेखराम साहू (50 वर्ष) निवासी ग्राम अमेरा, थाना पलारी बताया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 8390 रुपये नगद, सट्टा-पट्टी और पेन बरामद किया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06(क) के तहत थाना पलारी में अपराध क्रमांक 125/2026 दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी समाधान सेल हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर देकर पुलिस का सहयोग करें, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

