नईदिल्ली,15 मार्च। भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी कुलदीप यादव ने आज उत्तराखंड के मसूरी में अपने जीवन की नई पारी की शुरुआत करते हुए शादी कर ली। उन्होंने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लिए। इस शादी में कई स्टार भारतीय क्रिकेटर शामिल हुए, जिनमें तिलक वर्मा, युजवेंद्र चहल और रिंकू सिंह समेत कई वीआईपी मेहमान मौजूद रहे। वहीं, बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज भी देहरादून पहुंचे और उन्होंने कुलदीप को उनकी शादी पर आशीर्वाद दिया।
कुलदीप और वंशिका दोनों ही उत्तर प्रदेश के कानपुर के रहने वाले हैं। दोनों का घर करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर ही है। दोनों के परिवार कई सालों से एक-दूसरे को जानते हैं और कुलदीप व वंशिका बचपन से ही अच्छे दोस्त रहे हैं। वंशिका उच्च शिक्षा के लिए वह ऑस्ट्रेलिया गई थीं, जहां से उन्होंने अपनी मास्टर्स डिग्री पूरी की। इसके बाद वह भारत लौट आईं। पेशेवर रूप से वंशिका भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं।
सूफी गायक बिस्मिल ने आयोजित एक विशेष संगीत संध्या में प्रस्तुति दी थी। उन्होंने कहा था, मैंने कुलदीप यादव के लिए कुछ शायरियां तैयार की हैं, जिन्हें मैं आज इस जश्न के कार्यक्रम में पेश करूंगा। मैं अपने दोस्त कुलदीप की शादी को लेकर बहुत उत्साहित हूं। उत्तराखंड मेरे दिल के बहुत करीब है और यहां आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। शादी में मोहम्मद कैफ और सुरेश रैना समेत कई पूर्व भारतीय क्रिकेटर भी शामिल हुए।
इस जोड़े की सगाई पिछले साल 4 जून को लखनऊ में एक पारंपरिक समारोह में हुई थी और उनकी शादी नवंबर में होने वाली थी। हालांकि, टी-20 विश्व कप पर ध्यान देने के लिए कुलदीप ने शादी की तारीख को आगे बढ़ा दिया गया था। अब शादी के बाद कुलदीप और वंशिका 17 मार्च को लखनऊ में एक रिसेप्शन भी आयोजित करेंगे, जिसमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की उम्मीद है।
००

