दुर्ग 15 मार्च (आरएनएस) थाना जामगांव आर क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं की लगातार बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री विजय अग्रवाल ने चिन्हांकित एक्सीडेंट हॉट स्पॉट का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ग्राम किकिरमेटा, बेल्हारी, कुम्हली और पौहा के दुर्घटना संभावित स्थानों का अवलोकन किया गया और उन्हें एक्सीडेंट हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इन स्थलों पर चेतावनी बोर्ड, स्पीड ब्रेकर, रंबल स्ट्रिप्स, रिफ्लेक्टर और कैट-आई लगाए जाएं, अंधे मोड़ और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा चिन्ह और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सड़क किनारे अवरोध और दृश्यता बाधित करने वाले तत्व हटाए जाएं। पुलिस नियमित पेट्रोलिंग और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को यातायात नियमों के पालन के लिए जागरूक करेगी।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चंद्रा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पाटन अनूप लकड़ा, थाना प्रभारी जामगांव आर और पुलिस स्टाफ भी मौजूद रहे। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें और सड़क सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

