दुर्ग 15 मार्च 2026(आरएनएस) थाना पुलगांव क्षेत्र में अवैध अफीम तस्करी के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। सतत् विवेचना के दौरान पुलिस ने बेमेतरा–सिमगा रोड स्थित ग्राम कठिया में श्री रामदेव होटल और राजस्थानी हाईवे ढाबा में एनडीपीएस एक्ट की वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए छापेमारी की।
रेड कार्यवाही के दौरान आरोपी रणछोड़ राम उर्फ रणजीत के होटल और ढाबा के कमरे से 304 ग्राम अफीम डोडा (चुक्की), ₹1,29,000 नगद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। वहीं, आरोपी सुनील देवासी के कब्जे से अफीम डोडा को चुक्की बनाने के लिए प्रयुक्त मिक्सी और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इस कार्रवाई से पहले पुलिस ने विकास बिश्नोई, विनायक ताम्रकार, मनीष उर्फ गोलू ठाकुर और छोटू राम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में पता चला कि डोडा को होटल और ढाबा में रखकर बेचा जाता था और आगे भी अवैध व्यापार की योजना बनाई जा रही थी।
उक्त कार्रवाई में ACCU दुर्ग, थाना पुलगांव और चौकी जेवरा–सिरसा की संयुक्त टीम की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन और व्यापार से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

