बंगाल में दो, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल और असम में एक चरण में होंगे मतदान
नकुल कुमार मंडल
नई दिल्ली/कोलकाता 15 मार्च (आरएनएस)। देश के चुनाव आयोग ने आज पश्चिम बंगाल सहित देश के पांच राज्यों के लिए विधानसभा चुनाव 2026 की तारीखों का ऐलान कर दिया है। एक संवाददाता सम्मेलन में देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु व पुडुचेरी में होने वाले विधानसभा चुनावों की तारीख की घोषणा की। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि, पुडुचेरी, केरल और असम में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान कराया जाएगा। वहीं, तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक चरण में वोट डाले जाएंगे। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा, जिसमें 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को वोटिंग कराई जाएगी। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। ऐसा शायद पहली बार होने वाला है कि जब बंगाल में मात्र दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने वाला है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव इस अप्रैल में दो चरणों में आयोजित किए जाएंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा।
सभी निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे। बंगाल में पहले चरण में 152 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा, जबकि शेष 142 क्षेत्रों के लिए दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। यह संक्षिप्त कार्यक्रम पिछले वर्षों में हुए बहु-चरणीय चुनावों से एक महत्वपूर्ण बदलाव है। चुनाव आयोग के अनुसार बंगाल में 23 अप्रैल को पहले चरण के लिए कुल 152 विधानसभा सीटों पर वोटिंग होगी। आयोग की घोषणा के अनुसार, बंगाल के पहले चरण में उत्तर बंगाल के सभी जिलों में वोटिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, और माल्दा जिलों के साथ-साथ, जंगलमहल क्षेत्र में भी चुनाव पहले चरण में ही होंगे। पहले चरण में झाडग़्राम, पुरुलिया और बांकुड़ा, तथा बीरभूम और मुर्शिदाबाद में वोटिंग होगी। पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में भी पहले चरण में ही चुनाव होंगे। इसके अलावा, बद्र्धमान के दोनों जिलों में वोटिंग दो चरणों में होगी; विशेष रूप से, पश्चिम बद्र्धमान में पहले चरण में वोटिंग होनी है। वहीं चुनाव का दूसरा चरण बुधवार, 29 अप्रैल को निर्धारित है। उस दिन कोलकाता के साथ-साथ पूर्वी बद्र्धमान, नदिया, हुगली, हावड़ा, उत्तर 24 परगना और दक्षिण 24 परगना में वोटिंग होगी।
चुनाव आयोग ने बताया कि, असम और केरल में 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश में भी 9 अप्रैल को मतदान होगा। तमिलनाडु में सभी 234 सीटों पर 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा,” मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, गोवा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक और त्रिपुरा में फैले 8 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उपचुनाव भी होना है। गुजरात और महाराष्ट्र में उपचुनाव 23 अप्रैल को होंगे, जबकि बाकी राज्यों में उपचुनाव 9 अप्रैल को होंगे। उपचुनावों के परिणाम भी विधानसभा चुनावों के साथ ही, यानी 4 मई को घोषित किए जाएंगे। बहरहाल कहा जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव अतीत से एक अलग बदलाव को दर्शाते हैं, क्योंकि इस बार मतदान दो चरणों में होगा, जबकि पिछली बार आठ चरणों में चुनाव हुए थे और एक महीने से अधिक समय तक चले थे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव तिथियों की घोषणा करते हुए सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का प्रयोग करने और अपना वोट डालने की भावुक अपील की। पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से विशेष अपील करते हुए उन्होंने कहा, आप जीवन की सबसे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में से एक निभाने जा रहे हैं। मैं आपसे आग्रह करता हूं कि आप इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लें और अपना वोट डालें। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने घोषणा की है कि चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों में कुल 17 करोड़ 40 लाख मतदाता वोट डालने के पात्र हैं। कुल मिलाकर, 824 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। सबसे पहले चुनाव असम और केरल में होंगे। भाजपा शासित राज्य असम में 9 अप्रैल को मतदान होना है। सभी 126 सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। केरल में भी चुनाव एक ही चरण में 9 अप्रैल को होंगे, राज्य की 140 सीटों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा, केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए भी उसी दिन चुनाव होने हैं। सभी के चुनाव परिणाम 4 मई को आएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

