दुर्ग 16 मार्च 2026(आरएनएस) जिले में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए दुर्ग पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई सघन जांच और दबिश के दौरान पुलिस ने अवैध मदिरा के विक्रय, परिवहन और संग्रहण में संलिप्त लोगों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत कुल 14 प्रकरण दर्ज किए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 15 मार्च 2026 को जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध शराब की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील इलाकों और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए पुलिस टीमों ने सघन जांच की। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा से जुड़े मामलों में आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए कुल 14 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए।
थानावार कार्रवाई की बात करें तो मोहन नगर थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 7 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा जामुल थाना में 2, पुलगांव थाना में 2, नेवई थाना में 1, दुर्ग थाना में 1 तथा उतई थाना क्षेत्र में 1 आबकारी प्रकरण दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
इस अभियान में जिले के सभी थाना प्रभारियों, विवेचना अधिकारियों और पेट्रोलिंग स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिनके समन्वय से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव हो सकी।

