नईदिल्ली,16 मार्च। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने पहले टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 7 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ उसने 5 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। कीवी टीम की बल्लेबाजी बेहद खराब रही और उनका कोई भी बल्लेबाज 30 रन भी नहीं बना पाया। दक्षिण अफ्रीका को सिर्फ 92 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे उसने आसानी से हासिल कर लिया। ऐसे में आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
कीवी टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। उनका ये फैसला गलत साबित हुआ। न्यूजीलैंड के लिए जिमी नीशम ने सबसे ज्यादा 26 रन बनाए। पूरी टीम 14.3 ओवर में पवेलियन में थी। दक्षिण अफ्रीका के लिए नकोबानी मोकोएना ने 3 विकेट लिए। जवाब में प्रोटियाज ने 16.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। कॉनर एस्टरहुइजेन ने 45 रन बनाए। मिचेल सैंटनर ने 4 ओवर में सिर्फ 8 रन खर्च कर 1 विकेट लिया।
मोकोएना ने 3.3 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 26 रन देकर 3 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 7.40 की रही। ये खिलाड़ी अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेल रहा था। 19 साल के इस खिलाड़ी ने अब तक 17 टी-20 मुकाबले खेले हैं और इसकी 20 पारियों में 19 विकेट लेने में सफल रहे हैं। मोकोएना ने अपने टी-20 करियर में एक बार 4 विकेट हॉल भी लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 4/34 का रहा है।
दक्षिण अफ्रीका के लिए गेराल्ड कोएत्जी ने 3 ओवर में सिर्फ 14 रन खर्च किए और 2 विकेट अपने नाम किए। उनकी इकॉनमी रेट केवल 4.70 की रही। ऑटनील बार्टमैन ने भी मैच में अच्छी गेंदबाजी की और 3 ओवर में केवल 22 रन खर्च करते हुए 2 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 7.30 की रही। वहीं, कप्तान केशव महाराज ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए। इस खिलाड़ी ने 6.20 की इकॉनमी से गेंदबाजी की।
न्यूजीलैंड ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना दूसरा सबसे छोटा स्कोर (91) बनाया। साल 2012 में कीवी टीम प्रोटियाज के खिलाफ सिर्फ 86 रन पर ऑलआउट हो गई थी। पूरी टीम केवल 18.2 ओवर ही बल्लेबाजी कर पाई थी। दक्षिण अफ्रीका ने 8 विकेट से वो मुकाबला अपने नाम किया था। कीवी टीम साल 2017 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 107 रन पर ऑलआउट हुई थी। ये इस टीम के खिलाफ उनका तीसरा सबसे छोटा स्कोर है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

