नईदिल्ली,16 मार्च। बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम के खिलाफ सीरीज के तीसरे वनडे मैच में बेहतरीन शतक (107) लगाया। यह उनके युवा वनडे करियर का पहला शतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने सैफ हसन (36) के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 105 रन की साझेदारी करते हुए टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। आइए तंजीद की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
ढाका में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम से तंजीद ने उम्दा बल्लेबाजी की। बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने डटकर बल्लेबाजी करते हुए 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। 25 वर्षीय इस सलामी बल्लेबाज ने नजमुल हुसैन शांतो (27) के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़े। उन्होंने 98 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया। वह 107 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए।
तंजीद ने 2023 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ अपने वनडे करियर का आगाज किया था। उन्होंने अब तक 31 मैचों की 30 पारियों में 700 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरी बार 50+ रन का स्कोर बनाया है। इसी सीरीज के पहले वनडे में तंजीद ने नाबाद 67 रन की पारी खेली थी।
तंजीद इस सीरीज में फिलहाल सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने 3 पारियों में 87.50 की औसत और 112.18 की स्ट्राइक रेट के साथ 175 रन बनाए हैं।
तंजीद ने अपनी इस शतकीय पारी के दौरान लिस्ट-ए क्रिकेट में अपने 3,000 रन पूरे किए। उन्होंने अब तक 108 मैच खेले हैं, इसकी 106 पारियों में 3,050 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 5 शतक और 18 अर्धशतक लगाए हैं। अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 25 मैच खेले हैं, इसकी 75 पारियों में उन्होंने 40.72 की औसत के साथ 1,792 रन बनाए हैं।
००

