-सिटी मजिस्ट्रेट को सोंपा राष्ट्रपति को सम्बोधित ज्ञापन
अयोध्या 16 मार्च (आरएनएस)। बढ़ती महंगाई, रसोई गैस सिलेंडर के लगातार बढ़ते दामों, सिलेंडर की कमी और कालाबाजारी के विरोध में समाजवादी महिला सभा की जिलाध्यक्ष सरोज यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया तथा जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उक्त ज्ञापन को सिटी मजिस्ट्रेट संजीव उपाध्याय ने प्राप्त किया।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सरोज यादव ने कहा कि आज महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस सिलेंडर के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और कई जगहों पर सिलेंडर की भारी कमी देखने को मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिलेंडरों की कालाबाजारी भी हो रही है, जिसके कारण आम लोग पर्ची लेकर घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं, लेकिन फिर भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस कालाबाजारी पर तत्काल रोक लगाई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि गैस सिलेंडर पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि आज केवल गैस ही नहीं, बल्कि दवाइयों, खाद्य सामग्रियों और किसानों से जुड़े आवश्यक संसाधनों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। इससे आम जनता, खासकर महिलाओं की रसोई पर सीधा प्रहार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग के परिवारों का जीवन कठिन होता जा रहा है। सरकार को महंगाई पर तुरंत नियंत्रण कर आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। इस अवसर पर समाजवादी महिला सभा की महासचिव डॉ. निषाद अख्तर, कोषाध्यक्ष पूनम यादव, उपाध्यक्ष राजकुमारी कोरी, यशोमती कोरी, कांति रावत, बीकापुर विधानसभा अध्यक्ष रीता निषाद, पूजा वर्मा, प्रदेश सचिव श्रेया पटेल, कविता, अर्चना, पूनम, जिला उपाध्यक्ष जयप्रकाश यादव, मजदूर सभा के उपाध्यक्ष महेश सोनकर, प्रदेश सचिव पवन यादव, कुणाल यादव, रत्नेश जायसवाल, राजबली यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और महिलाएं उपस्थित रहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

