देहरादून 16 मार्च (आरएनएस)। 4/4 गोरखा बटालियन के पूर्व सैनिकों ने यूनिट का 64वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास और सैन्य गौरव के साथ मनाया। रविवार रात संतला देवी मंदिर इलाके में स्थित रिजॉर्ट में समारोह हुआ। इस मौके पर पलटन के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों ने एक साथ मिलकर अपनी पुरानी यादों को ताजा किया और बटालियन के सुनहरे इतिहास को याद किया। समारोह की शुरुआत शहीद जवानों देने के साथ हुई। मेजर विजेंद्र राणा ने शहीदों के सम्मान में विशेष अम्ब्रेला (छत्र) की शुरुआत कर उन्हें नमन किया। विजेंद्र राणा ने पलटन के अदम्य साहस, जज्बे और इतिहास को बताया। उन्होंने 1949 से लेकर अब तक बटालियन के किए गए कल्याणकारी कार्यों, फौजी नफरी की भलाई और रणभूमि में स्थापित किए गए वीरता के प्रतिमानों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस पलटन ने हमेशा से देशभक्ति और बलिदान के सर्वोच्च मापदंड स्थापित किए हैं और रात-दिन जागकर देश की सरहदों की हिफाजत की है। इस मौके पर कैप्टन वीरत्न बाबा, कैप्टन महेश गुरुंग, सूबेदार मेजर राज कुमार गुरुंग, सूबेदार प्रदीप थापा, सूबेदार पोत बहादुर थापा, सूबेदार ईश्वर आले, हवलदार गजेंद्र बुड़ाकोटी, बीरबल गुरुंग, अरुण गुरुंग और नायक संजय थापा ने बटालियन से जुड़ी यादें साझा की।

