तिरुवनंतपुरम ,16 मार्च (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को केरलम (केरल) विधानसभा चुनाव 2026 के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की. केंद्रीय राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन समेत 47 उम्मीदवारों को प्रथम चरण की सूची में शामिल किया गया है.
सूची के अनुसार, राजीव चंद्रशेखर नेमोम से और मेजर रवि ओट्टापलम से चुनाव लड़ेंगे. पार्टी नेतृत्व ने कहा कि शेष सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा दो दिनों के भीतर कर दी जाएगी. आधिकारिक घोषणा से पहले ही भाजपा उम्मीदवारों ने कई महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में प्रचार गतिविधियां शुरू कर दी हैं. राजनीतिक गलियारों में नेमोम, वट्टियूर्कवु, कझाक्कूट्टम, पलक्कड़ और मंजेश्वरम जैसी महत्वपूर्ण सीटों के संभावित उम्मीदवारों पर सक्रिय रूप से चर्चा चल रही है.
भारतीय जनता पार्टी की सूची के अनुसार, पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री जॉर्ज कूरियन को कंजीरापल्ली निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है जबकि पी सी जॉर्ज पूनजार विधानसभा सीट से किस्मत आजमाएंगे. इसमें कहा गया है कि आर श्रीलेखा वट्टियोरकावु और पद्मजा वेणुगोपाल प्रदेश के त्रिशूर सीट से उम्मीदवार होंगी. सूची में कहा गया है कि इसके अलावा राजी प्रसाद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित कुन्नाथुर सीट से चुनावी मैदान में उतरेंगी, जबकि आर रश्मि कोट्टारक्करा से चुनाव लड़ेंगी. पार्टी ने सोभा सुरेंद्रन को पलक्कड़ से, नव्या हरिदास को कोझिकोड उत्तर से और कविता केएस को सुल्तान बथेरी (आरक्षित) सीट से उम्मीदवार बनाया है. केरल में विधानसभा के लिये नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतों की गिनती चार मई को होगी.
केरल में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्यक्रम की घोषणा होते ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) व भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) ने चुनाव प्रचार गतिविधियां तेज कर दीं जबकि अन्य पार्टियां अपने उम्मीदवारों के नामों की सूची को अंतिम रूप दे रही हैं. माकपा और भाकपा उम्मीदवारों की घोषणा पहले ही कर चुकी हैं. भाकपा और माकपा के कई नेता सोमवार को अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर मतदाताओं से सीधे बातचीत कर रहे थे.
००

