पंचायत सीरीज से लोगों का दिल जीतने वाले जितेंद्र कुमार एक नए अवतार को लेकर चर्चा में आ गए हैं। उनका यह अवतार फिल्म दालिंब से सामने आया है जिसे जी5 हिंदी ने आधिकारिक तौर पर जारी किया है। यह एक थ्रिलर-ड्रामा फिल्म है जो जी5 और एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के पहले सहयोग के तौर पर बनाई गई है। फिल्म की कहानी और निर्देशन की जिम्मेदारी प्रिया एवेन ने उठाई है, जबकि संवाद वरद भटनागर ने लिखे हैं।
फिल्म दालिंब का ऐलान जितेंद्र के पोस्टर रिलीज के साथ किया गया है। अभिनेता के लुक की बात करें तो उनके चेहरे को मेकअप से ढ़का गया है। यह तस्वीर किसी कथकली नर्तक जैसी प्रतीत होती है। इसे देखकर ऋषभ शेट्टी की फिल्म कांतारा के कुछ दृश्य याद आ जाएंगे। पोस्टर जारी करते हुए निर्माताओं ने कैप्शन दिया, रंगों के बीच एक ऐसा रहस्य…जो कभी दिखता नहीं। यह होली, यह रंग उत्सव का प्रतीक नहीं है… यह एक चेतावनी है।
दालिंब मुंबई के उपनगरीय मध्यमवर्गीय परिवेश की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म होगी, जो दर्शकों को गहन और विचलित करने वाले सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है। जितेंद्र इसमें सूरज नाम के व्यक्ति का किरदार निभाते हुए दिखाई देंगे। उनके अलावा, अभिनेत्री प्रिया बापट, क्षितिश दते, कविन दवे, साई प्रसाद, हरीश कुलकर्णी और सागर यादव अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म जी5 हिंदी पर रिलीज होगी, लेकिन इसकी तारीख का ऐलान होना अभी बाकी है।

