दुर्ग 17 मार्च 2026(आरएनएस) –ताडोकी रेल लाइन पर स्थित परसदा फाटक को लेकर बड़ा बदलाव सामने आया है, जहां 25 मार्च की मध्यरात्रि से इस समपार को हमेशा के लिए बंद कर दिया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने इसकी सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं और अब यहां से गुजरने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में रोड अंडर ब्रिज का उपयोग करना होगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर मंडल के अंतर्गत आने वाले रिसामा-गुंडरदेही सेक्शन में स्थित समपार क्रमांक DD-24, जिसे परसदा फाटक के नाम से जाना जाता है, लंबे समय से आवागमन का प्रमुख रास्ता रहा है। लेकिन अब सुरक्षा और सुगम यातायात को ध्यान में रखते हुए इसे स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस फाटक के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज का निर्माण कार्य पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसी कारण फाटक को बंद कर अंडरब्रिज के माध्यम से यातायात को संचालित किया जाएगा, जिससे रेल और सड़क दोनों के आवागमन में बाधा नहीं आएगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी।
25 मार्च 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे से यह बदलाव प्रभावी हो जाएगा, जिसके बाद फाटक पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि वे नए मार्ग का उपयोग करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
यह निर्णय आधुनिक और सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, जो भविष्य में हादसों को रोकने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने में सहायक साबित होगा।

