कुम्हारी/दुर्ग 17 मार्च (आरएनएस) दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुम्हारी क्षेत्र में चल रहे अफीम के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। खारुन ग्रीन कॉलोनी के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक बुजुर्ग आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 403 ग्राम अफीम और करीब 14.46 लाख रुपये नगद बरामद किए गए। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में चल रहे नशे के नेटवर्क पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खारुन ग्रीन कॉलोनी गेट नंबर 02 के पास एक व्यक्ति अफीम की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भारी मात्रा में अफीम, लाखों की नगदी और दो मोबाइल फोन बरामद हुए, जिससे उसके लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त होने के संकेत मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरमेल सिंह (70 वर्ष) निवासी खारुन ग्रीन कॉलोनी, कुम्हारी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 18(ग), 27(क) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की बिक्री कर रहा था।
इस पूरी कार्रवाई में थाना कुम्हारी पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया अहम रही, जिससे एक बड़े अवैध कारोबार का खुलासा संभव हो सका। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।


