दुर्ग 17 मार्च (आरएनएस)अब सड़क पर नियम तोड़कर बच निकलना आसान नहीं रहा। दुर्ग में इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) के तहत लगे अत्याधुनिक कैमरे चौबीसों घंटे निगरानी कर रहे हैं और हर उल्लंघन सीधे चालान में बदल रहा है। इसी सख्ती का नतीजा है कि वर्ष 2026 में अब तक 8926 से अधिक ई-चालान जारी किए जा चुके हैं।
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर हाईटेक कैमरों का जाल बिछाया है, जो बिना मौके पर रोके ही नियम तोड़ने वालों की पहचान कर लेते हैं। इन कैमरों की मदद से हेलमेट न पहनना, तीन सवारी चलाना, गलत दिशा में वाहन चलाना और पुलिस चेकिंग से बचने के लिए भागने जैसे मामलों में भी सटीक कार्रवाई की जा रही है।
खास बात यह है कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रमाण आधारित है। कैमरों में दर्ज साक्ष्यों के आधार पर ई-चालान सीधे वाहन मालिक के मोबाइल और पते पर भेजा जा रहा है, जिससे किसी भी तरह की मनमानी की गुंजाइश खत्म हो गई है।
यातायात पुलिस का मानना है कि इस तकनीक के उपयोग से न केवल नियमों का पालन बढ़ेगा, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। लगातार हो रही कार्रवाई ने वाहन चालकों में जागरूकता और सतर्कता दोनों बढ़ाई है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करें, क्योंकि सड़क पर लापरवाही सिर्फ चालान ही नहीं, जान का भी जोखिम बन सकती है।

